दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब की राजनीति में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए वरिष्ठ नेता केवल सिंह ढिल्लों को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी है। पार्टी ने इस फैसले के जरिए साफ संकेत दिए हैं कि वह 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर नई रणनीति के साथ मैदान में उतरने जा रही है।
नए अध्यक्ष बनने के बाद केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में बीजेपी संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत किया जाएगा और लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने मौजूदा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में बदलाव की जरूरत महसूस की जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार बीजेपी ने ढिल्लों जैसे अनुभवी और सिख चेहरे को आगे कर ग्रामीण इलाकों और मालवा बेल्ट में अपनी पकड़ मजबूत करने का प्रयास किया है। पार्टी को उम्मीद है कि उनका राजनीतिक अनुभव और पुराने नेटवर्क आगामी चुनावों में फायदा पहुंचा सकते हैं।
केवल सिंह ढिल्लों पहले लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहे और बाद में बीजेपी का दामन थामा था। अब उन्हें पंजाब बीजेपी की कमान मिलने के बाद राज्य की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।