दोआबा न्यूजलाइन (सतपाल शर्मा)
डेराबस्सी की अदालत ने करोड़ों रुपये के चेक बाउंस मामले में सख्त फैसला सुनाते हुए खरड़ से विधायक अनमोल गगन मान के पति शाहबाज सिंह सोही समेत तीन लोगों को दोषी करार दिया है। अदालत ने तीनों को दो-दो साल की सजा और 10-10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। हालांकि सजा के तुरंत बाद आरोपियों ने जमानत राशि भरकर जमानत ले ली।
साढ़े तीन करोड़ के चेक बाउंस का मामला
यह मामला हाउसिंग प्रोजेक्ट कंपनी ‘मेसर्स प्लेटिनम स्मार्ट बिल्डकॉन’ से जुड़ा है। आरोप है कि कंपनी के तीनों पार्टनरों—शाहबाज सिंह सोही, जतिंदर सिंह नोनी और नछत्तर सिंह—ने राजपुरा में एक प्रोजेक्ट के लिए प्लॉट बेचने का सौदा किया था। सौदा पूरा न होने के बावजूद शिकायतकर्ता को दिए गए करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये के चेक बाउंस हो गए।
सात साल चली सुनवाई के बाद फैसला
इस मामले की शिकायत 2018 में कमलजीत सिंह कामा ने दर्ज कराई थी, जो जीरकपुर के पूर्व सरपंच के परिवार से संबंधित हैं। करीब सात साल तक चली सुनवाई के बाद ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास परनीत कौर की अदालत ने यह फैसला सुनाया। अदालत ने पाया कि शिकायतकर्ता का पक्ष मजबूत है और आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं।
शिकायतकर्ता ने बताया सुनियोजित ठगी
शिकायतकर्ता कमलजीत सिंह कामा ने कहा कि तीनों आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से धोखाधड़ी की। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय मिलने से संतोष है। वहीं शिकायत पक्ष के वकील भारत जोशी ने बताया कि लंबे समय तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद अदालत ने यह फैसला सुनाया।
विधायक के पति का नाम इस मामले में आने के कारण यह केस काफी चर्चा में रहा। अदालत के फैसले के बाद एक बार फिर यह मामला सुर्खियों में आ गया है।