फिरोजपुर मंडल के कई स्टेशनों पर शुरू हुई ई-कैटरिंग सेवा
दोआबा न्यूजलाइन : जालंधर (सतपाल शर्मा)
रेल यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनाने के लिए Indian Railways ने ई-कैटरिंग सेवा का विस्तार करते हुए नई सुविधा शुरू की है। अब यात्री ट्रेन में सफर के दौरान अपनी सीट पर ही मनपसंद भोजन मंगवा सकेंगे। इस सेवा के तहत यात्री Zomato और Swiggy जैसे फूड एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी पसंद के रेस्टोरेंट से भोजन ऑर्डर कर सकते हैं।
इस सुविधा के अंतर्गत यात्री अपने पीएनआर नंबर की मदद से ई-कैटरिंग प्लेटफॉर्म पर लॉग-इन कर भोजन ऑर्डर कर सकते हैं। ऑर्डर किया गया भोजन ट्रेन के निर्धारित स्टेशन पर पहुंचने के समय सीधे यात्री की सीट तक पहुंचाया जाएगा। यह स्मार्ट प्रणाली ट्रेन की लोकेशन और समय को ट्रैक करती है, जिससे भोजन समय पर और ताजा अवस्था में यात्रियों तक पहुंच सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को यात्रा के दौरान स्वच्छ, ताजा और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना है। इससे यात्रियों को सीमित विकल्पों की बजाय अलग-अलग रेस्टोरेंट और भोजन की विविधता का लाभ मिलेगा, जिससे उनका सफर और अधिक सुखद हो सकेगा।
फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यह सुविधा शुरू कर दी गई है। इनमें लुधियाना, फिरोजपुर कैंट, फगवाड़ा, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट और अमृतसर रेलवे स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्री आसानी से ई-कैटरिंग सेवा का लाभ उठा सकते हैं।

फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि मंडल यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर यात्रा अनुभव देने के लिए लगातार नई सुविधाएं शुरू कर रहा है। उन्होंने कहा कि ई-कैटरिंग सेवा से यात्रियों को सफर के दौरान मनपसंद भोजन उपलब्ध होगा, जिससे उनकी यात्रा और भी सुविधाजनक बनेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि यह सुविधा RailOne एप पर भी उपलब्ध है, जहां से यात्री आसानी से भोजन ऑर्डर कर सकते हैं और अपने सफर को और अधिक आरामदायक बना सकते हैं।