दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। मई महीने में यह चौथी बार है जब तेल कंपनियों ने ईंधन के दाम बढ़ाए हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है। लगातार बढ़ती कीमतों ने ट्रांसपोर्ट, माल ढुलाई और रोजमर्रा के खर्चों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
नई दरों के अनुसार राजधानी Delhi में पेट्रोल 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल 2.71 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 102.12 रुपए प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपए प्रति लीटर पहुंच गई है।
तेल कंपनियों के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। होर्मुज संकट के कारण सप्लाई प्रभावित होने की आशंका के बीच कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ा है।
बताया जा रहा है कि 15 मई से अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कई चरणों में इजाफा किया जा चुका है। पहले चरण में करीब 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि बाद के चरणों में भी लगातार दाम बढ़ाए गए।
ईंधन महंगा होने से अब ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर भी असर दिखने लगा है। ऑटो, टैक्सी और बस ऑपरेटर किराया बढ़ाने की तैयारी में हैं, वहीं बाजारों में सामान की कीमतें बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। आम लोगों का कहना है कि पहले से महंगाई की मार झेल रहे परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी नई परेशानी लेकर आई है।