दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
मनावाला रेलवे स्टेशन पर लंबे लूप से संबंधित कार्य के चलते सनहवाल-अमृतसर रेलखंड पर एक सप्ताह तक रेल परिचालन में बदलाव रहेगा। उत्तर रेलवे की ओर से 21 से 27 सितंबर के बीच कई ट्रेनों को रद्द करने, कुछ के मार्ग बदलने और कुछ ट्रेनों को बीच के स्टेशनों से चलाने का शेड्यूल जारी किया गया है।
चंडीगढ़-अमृतसर सहित कई ट्रेनें रद्द: ब्लॉक के कारण 25 से 27 सितंबर तक 12411 चंडीगढ़-अमृतसर और 12412 अमृतसर-चंडीगढ़ के फेरे रद्द रहेंगे। इसके अलावा अमृतसर-नंगल डैम, अमृतसर-नई दिल्ली, नई दिल्ली-अमृतसर तथा अमृतसर-हरिद्वार रूट की कई ट्रेनें भी निर्धारित दिनों में नहीं चलेंगी।
जालंधर सिटी तक ही पहुंचेंगी कुछ ट्रेनें: रेलवे ने कुछ ट्रेनों के संचालन को गंतव्य से पहले ही समाप्त करने का निर्णय लिया है। 12497 नई दिल्ली-अमृतसर और 05736 कटिहार-अमृतसर ट्रेनें जालंधर सिटी तक चलेंगी। वहीं 64551 लुधियाना-छेहरटा ट्रेन 21 से 25 सितंबर तक जंडियाला और 26-27 सितंबर को टांगरा तक सीमित रहेगी। 27 सितंबर को कटड़ा-अमृतसर ट्रेन भी वेरका जंक्शन तक चलेगी।
कई ट्रेनों का बदलेगा रास्ता: ब्लॉक के दौरान पठानकोट-दिल्ली और दिल्ली-पठानकोट समेत कई ट्रेनों को जालंधर सिटी-अमृतसर वाले नियमित मार्ग की जगह जालंधर कैंट-मुकेरियां होकर चलाया जाएगा। इसके चलते कुछ ट्रेनों के ब्यास, अमृतसर, बटाला, गुरदासपुर और दीनानगर जैसे स्टेशनों पर ठहराव प्रभावित होंगे।
कुछ ट्रेनें घंटों देरी से चलेंगी: रेलवे ने कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया है। कुछ ट्रेनों को 20 मिनट से लेकर 4 घंटे तक नियंत्रित अथवा पुनर्निर्धारित किया गया है। इनमें अमृतसर-जयनगर, अमृतसर-गोरखपुर, अमृतसर-सीलदह और पठानकोट-अमृतसर समेत कई ट्रेनें शामिल हैं।
यात्रा से पहले समय जरूर जांचें: रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि निर्धारित यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की ताजा स्थिति अवश्य जांच लें। ट्रेन संचालन से जुड़ी अद्यतन जानकारी एनटीईएस के माध्यम से या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर प्राप्त की जा सकती है।