दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
फिरोजपुर मंडल ने समर सीजन के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए बड़ी सुविधा देने का ऐलान किया है। रेलवे ने अमृतसर और बरौनी के बीच साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है, जिससे पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 04610 अमृतसर से बरौनी के लिए 19 अप्रैल 2026 से 12 जुलाई 2026 तक प्रत्येक रविवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन अमृतसर से रात 8:10 बजे रवाना होकर लगभग 30 घंटे का सफर तय करते हुए सुबह 2:10 बजे बरौनी पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 04609 बरौनी से अमृतसर के लिए 21 अप्रैल से 14 जुलाई 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन सुबह 5:05 बजे रवाना होकर करीब 32 घंटे बाद दोपहर 1:15 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस स्पेशल ट्रेन के कुल 13-13 फेरे निर्धारित किए गए हैं। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, लुधियाना (ढंडारी कलां), सरहिंद, राजपुरा, अंबाला छावनी, यमुनानगर-जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, सिवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर और शाहपुर पटोरी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि गर्मियों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए यह विशेष ट्रेन शुरू की गई है, ताकि लोगों को कन्फर्म सीट मिल सके और सफर सुगम हो सके। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते टिकट बुक कराएं और इस सुविधा का लाभ उठाएं।