दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब की ओर जा रही एक एक्सप्रेस ट्रेन में बुधवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब धौलपुर रेलवे स्टेशन के पास एक जनरल डिब्बे में अचानक आग भड़क उठी। छत्तीसगढ़ के दुर्ग से लुधियाना जा रही दुर्ग-लुधियाना एक्सप्रेस (15549) उस समय तेज रफ्तार से स्टेशन पार कर रही थी।
सुबह करीब 5:52 बजे ड्यूटी पर तैनात एक रेलवे कर्मचारी की नजर अचानक एक कोच से उठते घने धुएं पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उसने तुरंत खतरे का संकेत देते हुए लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रुकने का इशारा किया। लोको पायलट ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत ब्रेक लगाकर ट्रेन को आउटर पर रोक दिया।
जांच में सामने आया कि कोच के ब्रेक सिस्टम के पास आग और धुआं उठ रहा था, जो तेजी से फैल सकता था। समय रहते ट्रेन रुक जाने से स्थिति पर काबू पाया जा सका और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद डिब्बे में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन रुकते ही लोग घबराकर नीचे उतरने लगे। कई यात्री अपना सामान तक छोड़कर बाहर निकल आए। कोच में मौजूद बुजुर्ग और बच्चे काफी डरे हुए थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेलवे कर्मचारियों की सूझबूझ और तत्परता के चलते एक संभावित त्रासदी टल गई। घटना के बाद ट्रेन को जांच के लिए कुछ देर रोका गया और बाद में आवश्यक कार्रवाई के बाद आगे रवाना किया गया।