दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद आज वैश्विक कूटनीति का केंद्र बनी हुई है, जहां अमेरिका और ईरान के बीच अहम शांति वार्ता आयोजित की जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल बैठक को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। खासकर रेड जोन इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है, जहां आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। इस क्षेत्र में पाकिस्तान की संसद, प्रमुख सरकारी दफ्तर, विदेशी दूतावास और वीआईपी होटल स्थित हैं।
न्यूज एजेंसी ANI के अनुसार, रेड जोन की ओर जाने वाली सभी सड़कों पर भारी बैरिकेडिंग की गई है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी तरह की सुरक्षा चूक न हो।
इस महत्वपूर्ण वार्ता में हिस्सा लेने के लिए ईरान का करीब 70 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद पहुंच चुका है। इस डेलिगेशन का नेतृत्व ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकेर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची कर रहे हैं। टीम में सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और तकनीकी मामलों के विशेषज्ञ भी शामिल हैं, ताकि हर मुद्दे पर गहराई से चर्चा हो सके।
वहीं अमेरिका की ओर से भी एक मजबूत प्रतिनिधिमंडल पहुंचा है, जिसकी अगुवाई उपराष्ट्रपति जेडी वेंस कर रहे हैं। उनके साथ जारेड कुशनर और सैन्य मामलों के विशेषज्ञ वाइस एडमिरल ब्रैड कूपर भी मौजूद हैं।
इस शांति वार्ता की मेजबानी पाकिस्तान कर रहा है, जिसमें खुद प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर भी शामिल होंगे। इस बैठक को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस्लामाबाद पर टिकी हुई हैं, क्योंकि इस वार्ता के परिणाम क्षेत्रीय और वैश्विक शांति के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं।