दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर (सतपाल शर्मा)
साइबर ठगी के मामलों में लगातार नए तरीके सामने आ रहे हैं। ताजा मामला मुंबई से जुड़ा है, जहां महज 13 रुपये की पेमेंट के बहाने 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला के खाते से 25 लाख रुपये उड़ा लिए गए। ठगों ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर ‘फोन हाईजैक स्कैम’ को अंजाम दिया।
ऐसे हुआ पूरा फ्रॉड
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग महिला मार्च में केरल घूमने गई थीं। इसी दौरान उन्हें एक अनजान कॉल आया। कॉल करने वाले शख्स ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताया और कहा कि कनेक्शन पर नाम अपडेट करने के लिए 13 रुपये की मामूली फीस देनी होगी।
इसके बाद ठगों ने महिला को एक APK फाइल भेजी और उसे डाउनलोड कर केवाईसी पूरी करने को कहा। जैसे ही महिला ने फाइल डाउनलोड की, ठगों को उनके मोबाइल का पूरा एक्सेस मिल गया।
इसके बाद महिला से क्रेडिट कार्ड और बैंक डिटेल्स भरवाई गईं, जिसके तुरंत बाद उनके खाते से 25 लाख रुपये निकाल लिए गए। रकम कटने का मैसेज मिलने पर महिला को ठगी का अहसास हुआ और 21 मार्च को मुंबई पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है ‘फोन हाईजैक स्कैम’?
इस तरह के स्कैम में ठग APK फाइल या लिंक के जरिए मोबाइल में मैलवेयर इंस्टॉल करवा लेते हैं। इसके बाद फोन का रिमोट एक्सेस लेकर बैंकिंग ऐप, OTP और निजी जानकारी तक पहुंच बना लेते हैं।
साइबर ठगी से ऐसे बचें
- अनजान नंबर से आए लिंक या APK फाइल कभी डाउनलोड न करें
- किसी भी कॉल पर बैंक डिटेल्स या OTP शेयर न करें
- केवल Google Play Store या Apple App Store से ही ऐप डाउनलोड करें
- छोटी रकम (जैसे 10-20 रुपये) के नाम पर आने वाले कॉल से सतर्क रहें
- फोन में एंटीवायरस और सिक्योरिटी अपडेट्स जरूर रखें
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के कॉल और मैसेज से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत साइबर सेल में शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।