दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जालंधर में देर रात सुरक्षा एजेंसियों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जहां BSF हेडक्वार्टर के सामने एक एक्टिवा स्कूटी पर जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, एक संदिग्ध युवक पीएपी चौक की ओर से रॉन्ग साइड से पैदल आता हुआ देखा गया। वह सीधे उस स्थान पर पहुंचा जहां फुटपाथ पर एक्टिवा खड़ी थी। युवक ने पॉलिथीन में लिपटा एक पैकेट स्कूटी के पास रखा और तुरंत बस अड्डे की दिशा में भाग निकला। कुछ ही सेकेंड बाद जोरदार विस्फोट हो गया।
प्राथमिक जांच में इस धमाके में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।
इसी बीच, एक खालिस्तानी संगठन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। पोस्ट में न केवल हमले का जिक्र किया गया, बल्कि पंजाब पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी और उनके परिवार को भी खुली धमकी दी गई है।
पोस्ट में कहा गया है कि यह हमला तथाकथित “ऑपरेशन” का हिस्सा है और आगे भी ऐसी घटनाएं जारी रह सकती हैं। साथ ही संबंधित अधिकारी, उनके परिवार और रिश्तेदारों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है।
हालांकि, सुरक्षा एजेंसियां इस पोस्ट की सत्यता की भी जांच कर रही हैं और किसी भी दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।
घटना के बाद पूरे जालंधर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर मामले की गहन जांच में जुटी हैं।