दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
जालंधर की मकसूदां सब्जी मंडी मंगलवार को गोलियों की आवाज से दहल उठी। मंडी में अड्डे और कारोबार को लेकर चल रहे विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया जब दो पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग हो गई। इस घटना में बीजेपी नेता मोनू पुरी घायल बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंडी में पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद अचानक गोलियां चलनी शुरू हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में भगदड़ जैसे हालात बन गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल मोनू पुरी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मंडी क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार सब्जी मंडी में काफी समय से कारोबार और अड्डे को लेकर तनाव चल रहा था। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।