दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
चंडीगढ़: पंजाब में लगातार बढ़ रहे तापमान और लू जैसे हालातों के चलते स्कूलों में गर्मी की छुट्टियों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। राज्य के कई जिलों में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंचने के बाद अभिभावकों और विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है। इसी बीच शिक्षा विभाग द्वारा जल्द ही समर वेकेशन को लेकर बड़ा फैसला लेने की संभावना जताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस बार छुट्टियां तय समय से पहले घोषित की जा सकती हैं। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन विभागीय स्तर पर छुट्टियों की संभावित तारीखों पर मंथन जारी है। कुछ रिपोर्टों में मई के तीसरे या चौथे सप्ताह से स्कूल बंद करने की संभावना भी जताई गई है।
बताया जा रहा है कि भीषण गर्मी के कारण कई राज्यों ने पहले ही स्कूलों के समय में बदलाव या छुट्टियों का ऐलान कर दिया है। पंजाब में भी विद्यार्थियों की सेहत को ध्यान में रखते हुए सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। यदि तापमान में और बढ़ोतरी होती है तो जल्द छुट्टियों की घोषणा की जा सकती है।
वहीं दूसरी ओर, कुछ निजी स्कूलों ने अभिभावकों को अनौपचारिक रूप से संकेत देना शुरू कर दिया है कि आगामी दिनों में ऑनलाइन कक्षाओं या बदले हुए टाइम टेबल को लेकर निर्देश जारी हो सकते हैं। फिलहाल विद्यार्थी और अभिभावक शिक्षा विभाग की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं।