दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रेलवे ने अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की घोषणा की है। इस ट्रेन के शुरू होने से पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक सफर मिलेगा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।
14 मई से अमृतसर से होगी शुरुआत
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 14664 अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी अमृत भारत एक्सप्रेस 14 मई 2026 से हर गुरुवार चलाई जाएगी। ट्रेन दोपहर 12:45 बजे अमृतसर से रवाना होगी और करीब 39 घंटे का सफर तय कर न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।
शनिवार को न्यू जलपाईगुड़ी से लौटेगी ट्रेन
वापसी में ट्रेन नंबर 14663 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर अमृत भारत एक्सप्रेस 16 मई 2026 से प्रत्येक शनिवार चलेगी। यह ट्रेन सुबह 08:00 बजे न्यू जलपाईगुड़ी से चलेगी और लगभग 42 घंटे बाद अमृतसर पहुंचेगी।
कई राज्यों के यात्रियों को मिलेगा फायदा
यह नई ट्रेन रास्ते में जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, गोरखपुर, रक्सौल, सीतामढ़ी, अररिया, बागडोगरा और सिलीगुड़ी समेत कई बड़े स्टेशनों पर रुकेगी। इससे हजारों यात्रियों को सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा
रेलवे के मुताबिक ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए गए हैं, जिनमें 8 स्लीपर और 11 जनरल कोच शामिल हैं। इससे आम यात्रियों को भी आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
उत्तर रेलवे फिरोजपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से इस नई ट्रेन सेवा का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत एक्सप्रेस यात्रियों के सफर को ज्यादा आसान, तेज और सुविधाजनक बनाएगी।