दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
केरल से राजधानी दिल्ली की ओर जा रही त्रिवेंद्रम-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के दो डिब्बों से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। धुएं की सूचना मिलते ही ट्रेन स्टाफ हरकत में आया और तुरंत सुरक्षा प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
गार्ड द्वारा लोको पायलट को जानकारी दिए जाने के बाद ट्रेन को सुरक्षित स्थान पर रोका गया। रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा टीम ने तेजी दिखाते हुए करीब 15 मिनट के भीतर 68 यात्रियों को कोच से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले एक कोच में तेज जलने जैसी गंध महसूस हुई थी। कुछ ही देर में धुआं फैलने लगा, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। कई यात्री अपने सामान छोड़कर तुरंत बाहर निकल आए। रेलवे स्टाफ ने स्थिति को संभालते हुए यात्रियों को अन्य डिब्बों में शिफ्ट किया।
सूचना मिलते ही रेलवे की तकनीकी टीम और सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रभावित कोचों की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की आशंका जताई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि समय रहते धुआं दिखाई देने और स्टाफ की सतर्कता के कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। यात्रियों ने भी राहत कार्य में रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।