दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर
अमेरिका के इडाहो राज्य स्थित माउंटेन होम एयर फोर्स बेस पर आयोजित ‘गनफाइटर स्काइज एयर शो’ के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एयर शो में करतब दिखा रहे अमेरिकी नौसेना के दो अत्याधुनिक फाइटर जेट हवा में ही आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों विमान आग के गोले में तब्दील हो गए और कुछ ही पलों में जमीन पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के तुरंत बाद आसमान में चार पैराशूट दिखाई दिए, जिससे साफ हो गया कि दोनों विमानों के चालक दल ने समय रहते इजेक्ट कर अपनी जान बचा ली। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार अमेरिकी नौसेना के EA-18G ग्राउलर फाइटर जेट बने। एयर शो के दौरान दोनों विमान हवाई करतब कर रहे थे, तभी अचानक तालमेल बिगड़ गया और दोनों जेट टकरा गए। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे एयर बेस को तुरंत लॉकडाउन कर दिया गया।
माउंटेन होम पुलिस विभाग ने सुरक्षा कारणों से कार्यक्रम को तत्काल रद्द करने की घोषणा कर दी। वहीं अमेरिकी नौसेना की प्रवक्ता कमांडर अमेलिया उमयम ने बताया कि दुर्घटना की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दोनों लड़ाकू विमानों को हवा में टकराने के बाद आग की लपटों में घिरते देखा जा सकता है। इस घटना ने एयर शो की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।