दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
चंडीगढ़ में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर सीमित मात्रा में ही तेल दिया जा रहा है। पंप संचालकों ने नोटिस लगाकर स्पष्ट कर दिया है कि बाइक और स्कूटी में तय सीमा से ज्यादा पेट्रोल नहीं भरा जाएगा, जबकि कार चालकों के लिए भी अधिकतम राशि निर्धारित कर दी गई है।
सुबह से ही विभिन्न पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। कई लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। कुछ स्थानों पर वाहन चालकों और कर्मचारियों के बीच बहस की स्थिति भी बनी। लोगों का कहना है कि अचानक लगी इस सीमा के कारण उन्हें रोजमर्रा के कामकाज में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पंप मालिकों के अनुसार ईंधन की सप्लाई सामान्य नहीं होने की वजह से यह फैसला लेना पड़ा। उनका कहना है कि यदि बिना सीमा के तेल दिया गया तो कुछ ही समय में पूरा स्टॉक खत्म हो सकता है। इसलिए उपलब्ध फ्यूल को ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
वहीं प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही है। अधिकारियों का कहना है कि तेल कंपनियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है और जल्द ही सप्लाई व्यवस्था को पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराहट में अतिरिक्त तेल न भरवाएं और संयम बनाए रखें।