दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
चंडीगढ़। नौतपा शुरू होते ही पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी ने अपने तेवर और तीखे कर दिए हैं। कई जिलों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर पहुंच गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज कई इलाकों में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की है।
नौतपा के चलते दिनभर झुलसा रही गर्म हवाएं
सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आईं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। बठिंडा, लुधियाना, पटियाला और आसपास के इलाकों में तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंचने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने जारी किया हीटवेव अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार नौतपा के दौरान अगले दो दिन तक गर्मी का असर और तेज रह सकता है। कई हिस्सों में लू चलने की संभावना है, जिसके चलते लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है।
कल से बदल सकता है मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 29 मई के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश, तेज हवाएं और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है।
बिजली और पानी की मांग बढ़ी
लगातार बढ़ती गर्मी के कारण बिजली और पानी की खपत भी तेजी से बढ़ रही है। कई शहरों में दोपहर के समय बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई। वहीं लोग गर्मी से राहत पाने के लिए कूलर और एसी का सहारा लेते नजर आए।