दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला के नरघोटा क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 400 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक दुर्घटना में कार सवार 28 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद युवती गंभीर रूप से जख्मी हो गई हैं। घायल युवती को नाजुक हालत में इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जहाँ वह वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही हैं। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।

रीढ़ कँपा देने वाला था मंजर, काटनी पड़ी बाजू
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान धर्मशाला के शिला चौक निवासी अक्षय कौरा के रूप में हुई है, जो युवाओं को स्टॉक मार्केट की कोचिंग देते थे। वहीं, घायल युवती हरियाणा की रहने वाली हैं और मोहाली से गणित विषय में पीएचडी कर रही हैं। दुर्घटना इतनी खौफनाक थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और युवती के सिर व हाथ में बेहद गंभीर चोटें आईं। डॉक्टरों को इलाज के दौरान उनकी एक बाजू काटनी पड़ी है। टांडा मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए देर रात ही उन्हें चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
हादसे से ठीक पहले मोबाइल में कैद कर रहे थे यादें
एक स्थानीय महिला चश्मदीद के अनुसार, कार के खाई में गिरने से कुछ ही पलों पहले दोनों युवक-युवती सड़क के किनारे खड़े होकर मोबाइल से अपनी तस्वीरें और वीडियो बना रहे थे। इसके कुछ ही देर बाद एक जोरदार धमाका हुआ और कार सीधे नीचे खाई में लुढ़क गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बेहद मुश्किल हालातों के बीच करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को खाई से बाहर निकाला।
बदहाल सड़क और प्रशासनिक अनदेखी ने ली युवक की जान
इस दर्दनाक हादसे ने पहाड़ी रास्तों पर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह यह एक्सीडेंट हुआ, वहाँ पिछले साल मानसून के सीजन में भारी लैंडस्लाइड हुआ था। एक साल से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी प्रशासन ने सड़क की सुध नहीं ली। इतने खतरनाक टर्न पर न तो क्रैश बैरियर लगाए गए थे और न ही चालकों को सतर्क करने के लिए कोई साइन बोर्ड लगाया गया था, जो इस बड़े हादसे की मुख्य वजह बना।