दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब के जालंधर के पास मोंगा नेशनल हाईवे पर शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की घोर लापरवाही के कारण दो होनहार कबड्डी खिलाड़ियों की जान चली गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से जख्मी है. तीनों दोस्त मोटरसाइकिल पर सवार होकर मलसियां इलाके से अपने गांव की तरफ वापस आ रहे थे.
लापरवाही ने ली जान
चश्मदीदों के मुताबिक, लदड़ा अड्डे के पास पराली से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी. उसके चालक ने बिना पीछे देखे या कोई संकेत दिए अचानक लापरवाही से वाहन को सड़क पर आगे बढ़ा दिया. इसी दौरान पीछे से आ रही इन युवाओं की बाइक सीधे ट्रॉली पर लदी पराली की भारी-भरकम गांठों से टकरा गई.
पीछे से आ रहे दूसरे वाहन ने कुचला
टक्कर इतनी भयानक थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक उछलकर बीच सड़क पर जा गिरे. दुर्भाग्य से, उसी समय पीछे से आ रही एक अन्य ट्रॉली की चपेट में वे आ गए. इस दोहरी टक्कर के कारण दो दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर चोटों के कारण अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.
हादसे के शिकार युवाओं की पहचान
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले दोनों खिलाड़ियों की पहचान 16 वर्षीय हरजोत सिंह और 23 वर्षीय गुरदीप सिंह उर्फ दीपा के रूप में की गई है. वहीं दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए उनके तीसरे पक्के दोस्त की पहचान 17 वर्षीय हरदीप सिंह के तौर पर हुई है, जिसे बेहद नाजुक हालत में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भर्ती कराया गया है. पुलिस ने इस पूरे मामले में केस दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है.