दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ मार्ग पर सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में कांवड़ यात्रा से लौट रहे तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
गंगाजल लेकर लौट रहे थे कांवड़िए
जानकारी के अनुसार सभी युवक कोटकपूरा क्षेत्र के रहने वाले थे और सावन के दौरान गंगोत्री से गंगाजल लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। बताया गया कि वे अलग-अलग कांवड़ संघों के साथ यात्रा पर गए थे।
पीछे से आए वाहन ने मारी टक्कर
वापसी के दौरान सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हाईवे पर पैदल चल रहे कांवड़ियों को तेज रफ्तार वाहन ने चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों सड़क पर गिर पड़े और तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान डॉक्टर हरपाल गली निवासी जगदीश मित्तल (40), हरीनो रोड निवासी महेंद्र पाल (43) और सुरगापुरी निवासी दीपक कुमार (42) के रूप में हुई है। वहीं कोटकपूरा के सरकारी गर्ल्स स्कूल के पास रहने वाले मुकेश गोयल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सड़क पर बिखरे शव, मौके पर पहुंची पुलिस
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शव कब्जे में लिए और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजे। हादसे के कारणों और वाहन चालक की पहचान को लेकर जांच की जा रही है।
30 जुलाई को गंगोत्री के लिए निकले थे
बताया गया है कि कांवड़िए 30 जुलाई को गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे। करीब 10 अगस्त को कांवड़ लेकर कोटकपूरा लौटना था। यात्रा के दौरान कोटकपूरा के प्राचीन डेरा दूधाधारी से जुड़े शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ और श्री रामबाग मंदिर से जुड़े न्यू शिव कांवड़ संघ के सदस्य भी उनके साथ थे।
हादसे के बाद कांवड़ यात्रा से लौट रहे परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।