दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
शाहपुर स्थित CT इंस्टीट्यूट के कैंपस में बिहार और कश्मीर के छात्रों के बीच विवाद के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक विवाद की शुरुआत कैंटीन में भोजन को लेकर हुई बहस से हुई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के छात्रों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हॉस्टल तक पहुंच गया।

बताया गया है कि विवाद के दौरान छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। इसी दौरान पथराव और ईंटें चलने की बात सामने आई। हॉस्टल परिसर में तोड़फोड़ से कुछ जगहों पर कांच टूटने की भी सूचना है। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली
सूचना मिलने पर थाना-5 की पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि विवाद को बढ़ने से पहले ही नियंत्रित कर लिया गया था।
थाना-5 के SHO यादविंदर सिंह के अनुसार, विवाद कैंटीन में खाने को लेकर हुआ था। उन्होंने बताया कि सभी छात्र फर्स्ट ईयर के हैं और उनकी उम्र करीब 16-17 वर्ष है। पुलिस ने हथियार चलने की बात से इनकार किया है।
कई छात्रों के घायल होने की सूचना
विवाद के दौरान बिहार के कुछ छात्रों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। इनमें कुछ छात्रों को सिर तथा अन्य जगहों पर चोट लगने की बात कही गई है। एक छात्र के पैर में चोट आने की भी सूचना है। हालांकि घायलों की स्थिति और संख्या को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
कैंपस में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद इंस्टीट्यूट प्रबंधन ने एहतियाती कदम उठाते हुए गेट बंद कर दिए। बाहरी लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई। वहीं, पंजाब बंद के चलते अगले दिन इंस्टीट्यूट बंद रखने की सूचना दी गई है और जरूरी कार्यों के लिए निर्धारित स्टाफ को ही परिसर में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने छात्रों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पूरे मामले में वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।