दोआबा न्यूजलाइन
जालंधर : आम आदमी पार्टी (आप) में उस समय उत्साह की लहर दौड़ गई जब पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को कथित दिल्ली शराब नीति मामले में माननीय अदालत से राहत मिलने के बाद जालंधर में जश्न मनाया गया।
शुक्रवार को सेंट्रल हल्का इंचार्ज नितिन कोहली के कार्यालय में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक के बाद प्रेस वार्ता करते हुए नेताओं ने इसे “सत्य की जीत” बताया और कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास था।
सेंट्रल हल्का इंचार्ज नितिन कोहली ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि यह पार्टी के लिए बेहद गर्व और खुशी का दिन है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व को इंसाफ मिला है और इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल और मजबूत हुआ है। उन्होंने पूरे पंजाबवासियों को बधाई देते हुए कहा कि अब कार्यकर्ता और अधिक ऊर्जा के साथ जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आप नेता पवन कुमार टीनू ने विपक्षी दलों पर राजनीतिक द्वेष के तहत झूठे आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले ने यह स्पष्ट कर दिया है कि लगाए गए आरोप निराधार थे।
इस मौके पर वरिष्ठ नेत्री राजविंदर कौर थिआड़ा ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली और पंजाब में किए विकास कार्यों से विरोधी दल बौखला गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान मेयर वनीत धीर, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह, पंजाब एग्रो एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन के चेयरमैन मंगल सिंह बस्सी, कौंसलर अश्वनी अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी साझा की और पार्टी के समर्थन में नारेबाजी की।
अंत में नेताओं ने एक स्वर में कहा कि पार्टी सच्चाई और पारदर्शिता की राजनीति पर कायम रहेगी तथा जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष जारी रखेगी।