दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
मोहाली: पंजाब में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आगामी चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि आम आदमी पार्टी दोबारा पंजाब में सरकार बनाएगी। एक मीडिया इंटरव्यू में उन्होंने सरकार की ओर से किए गए वादों और अब तक उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता के बीच सरकार का काम ही सबसे बड़ा आधार है।
मुख्यमंत्री ने मुफ्त बिजली योजना का हवाला देते हुए कहा कि जुलाई 2022 से घरेलू उपभोक्ताओं को हर महीने 600 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ लेने के लिए नीले या पीले राशन कार्ड की अनिवार्यता नहीं रखी गई है। उनके मुताबिक, राज्य के लगभग 90 प्रतिशत घरों में बिजली के बिल या तो शून्य आ रहे हैं या फिर बहुत कम राशि के बन रहे हैं।
महिलाओं को आर्थिक सहायता देने का किया जिक्र
भगवंत मान ने महिलाओं के लिए शुरू की गई आर्थिक सहायता योजना को भी सरकार की उपलब्धियों में शामिल किया। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये की सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आर्थिक सहयोग उपलब्ध करवाना है।
नशे के खिलाफ कार्रवाई का भी किया दावा
पंजाब में नशे की समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से इसके खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस को अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई के लिए लगाया गया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार की योजनाओं और कामकाज को देखते हुए पंजाब के मतदाता 2027 में फिर आम आदमी पार्टी के पक्ष में फैसला देंगे। उनका यह बयान आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की राजनीतिक रणनीति और सरकार के कामकाज को लेकर अहम माना जा रहा है।