दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
शुक्रवार को गांव हरीपुर खालसा और प्रतापरे के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। धार्मिक स्थल से माथा टेककर लौट रहे एक्टिवा सवार परिवार की कार से टक्कर हो गई।

मां-बेटी की मौके पर मौत
हादसे में लुधियाना के गांव भामियां निवासी विनय कुमार, उनकी पत्नी सुमन और 6 वर्षीय बेटी कविसा गंभीर रूप से घायल हो गए। सिविल अस्पताल फिल्लौर में मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया गया।

इलाज के दौरान विनय ने भी तोड़ा दम
विनय कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे उपचार के लिए रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य लोगों का इलाज जारी है।

रिश्तेदार भी साथ लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार, परिवार एक्टिवा पर और उनके अन्य रिश्तेदार मोटरसाइकिल पर सवार होकर नकोदर स्थित धार्मिक स्थल से माथा टेककर लुधियाना लौट रहे थे। इसी दौरान हरीपुर और प्रतापरे के पास कार से टक्कर हो गई।

कार सवार ने बताई घटना
सिविल अस्पताल में उपचाराधीन कार सवार रविंदर सिंह ने बताया कि वे लुधियाना से नूरमहल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक एक्टिवा से टक्कर हो गई। हादसा कैसे हुआ, इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं है।

पुलिस कर रही जांच
थाना फिल्लौर से मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
