दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
अमलोह रोड पर स्थित एक गोदाम में काम के दौरान हुए भीषण विस्फोट ने एक व्यक्ति की जान ले ली, जबकि तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब गैस कटर की सहायता से एक टैंकर को काटने का काम किया जा रहा था। अचानक हुए धमाके के बाद गोदाम में आग फैल गई। विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में दहशत फैल गई और लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
जानकारी के मुताबिक, हादसा अमलोह रोड पर स्थित भल्ला इंजीनियर्स के गोदाम में हुआ। यहां लुक (तारकोल) से संबंधित एक टैंकर की कटिंग की जा रही थी। बताया जा रहा है कि टैंकर के भीतर मौजूद ज्वलनशील गैस के कारण गैस कटर से काम करते समय अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि वहां काम कर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए।
इस घटना में फगवाड़ा निवासी गोदाम मालिक दलजीत कुमार भल्ला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कटिंग का काम करने वाले कारीगर सहित तीन मजदूर बुरी तरह झुलस गए। धमाके के बाद गोदाम में आग लगने से स्थिति और गंभीर हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर मंडी गोबिंदगढ़ का दमकल विभाग तुरंत हरकत में आया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर अफसर राणा नरिंदर सिंह के अनुसार, विभाग को रात करीब सवा आठ बजे गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। दमकल कर्मियों ने लगभग 45 मिनट तक लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया।
उधर, हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी हालत गंभीर होने के चलते डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद तीनों को बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि टैंकर की कटिंग से पहले उसे पूरी तरह गैस मुक्त किया गया था या नहीं और सुरक्षा के जरूरी इंतजाम किए गए थे या नहीं।