दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
Chandigarh के सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर बुधवार दोपहर एक जोरदार धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनी गई, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के तुरंत बाद Chandigarh Police की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे इलाके को घेर लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर भाजपा कार्यालय को खाली करवा लिया गया है और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। पुलिस के साथ दमकल विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, शाम करीब साढ़े चार बजे हुए इस धमाके का असर आसपास खड़ी गाड़ियों पर भी देखने को मिला। पार्किंग में खड़े वाहनों पर विस्फोट के निशान पाए गए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि धमाका काफी तेज था।
सूत्रों के मुताबिक शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि यह एक क्रूड बम से किया गया हमला हो सकता है, जिसमें गन पाउडर जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कुछ अहम सबूत भी जुटाए हैं, जिनकी जांच जारी है।
वहीं, सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक बाइक पर कार्यालय के आसपास घूमते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस इनकी पहचान करने और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। पूरे इलाके को फिलहाल सील कर दिया गया है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
फिलहाल धमाके के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं।