दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच ईरान ने एक बार फिर बड़ा दावा किया है। ईरानी सेना के खातिम अल-अंबिया मुख्यालय के प्रवक्ता के अनुसार मरकजी प्रांत में एक अमेरिकी F-35 लड़ाकू विमान को मार गिराया गया है। इस दावे को मजबूती देने के लिए ईरान की अर्ध-सरकारी मेहर न्यूज एजेंसी ने कथित मलबे की तस्वीरें भी जारी की हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, क्रैश इतना भीषण था कि पायलट के सुरक्षित निकलने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है। हालांकि अभी तक पायलट की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अमेरिका ने साधी चुप्पी, पहले भी खारिज कर चुका है दावे
इस पूरे मामले पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) की ओर से फिलहाल कोई ताजा प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन इससे पहले ईरान द्वारा किए गए इसी तरह के दावों को अमेरिका ने सिरे से खारिज किया था।
बताया जा रहा है कि जारी तस्वीरों में दिख रहे मलबे पर ब्रिटेन के लेकनहीथ एयर बेस के निशान होने का दावा किया गया है, जो अमेरिका का एक अहम सैन्य ठिकाना है। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे दावे, सच्चाई पर सवाल
यह पहली बार नहीं है जब ईरान ने अमेरिकी लड़ाकू विमानों को मार गिराने का दावा किया हो। इससे पहले भी F-35 समेत अन्य विमानों को गिराने के दावे सामने आए, जिन्हें अमेरिका ने गलत बताया।
वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि आधुनिक स्टील्थ तकनीक से लैस F-35 को मार गिराना बेहद कठिन होता है, ऐसे में इन दावों की पुष्टि जरूरी है। फिलहाल दोनों देशों की ओर से जारी सूचनाओं के बीच सच्चाई क्या है, यह साफ नहीं हो पाया है।