दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) के कक्षा 5वीं और 8वीं के छात्रों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। बोर्ड जल्द ही दोनों कक्षाओं के परीक्षा परिणाम जारी करने की तैयारी में है। लाखों छात्रों और अभिभावकों की नजरें अब रिजल्ट की तारीख पर टिकी हुई हैं।
पिछले वर्षों के ट्रेंड को देखें तो बोर्ड आमतौर पर अप्रैल के दूसरे सप्ताह से पहले ही रिजल्ट जारी कर देता है। साल 2025 में परिणाम 4 अप्रैल को घोषित किए गए थे। ऐसे में इस बार भी उम्मीद जताई जा रही है कि नतीजे किसी भी समय आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए जा सकते हैं।
8वीं का रिजल्ट ऑनलाइन, 5वीं के छात्रों को स्कूल से मिलेगा परिणाम
कक्षा 8वीं के छात्र अपना रिजल्ट ऑनलाइन चेक कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट pseb.ac.in पर जाना होगा। वेबसाइट के “Result” सेक्शन में जाकर रोल नंबर दर्ज करते ही स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा।
वहीं कक्षा 5वीं के छात्रों का रिजल्ट ऑनलाइन जारी नहीं किया जाएगा। उन्हें अपनी मार्कशीट संबंधित स्कूल से ही प्राप्त करनी होगी। इसके लिए अभिभावकों को स्कूल प्रशासन से संपर्क करना होगा।
पास होने के लिए 33% अंक जरूरी, मार्कशीट में जरूर जांचें ये डिटेल
PSEB के नियमों के अनुसार, छात्रों को प्रत्येक विषय में कम से कम 33 प्रतिशत अंक हासिल करना अनिवार्य है। सभी विषयों में पास होना जरूरी होगा, तभी छात्र को सफल घोषित किया जाएगा।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र अपनी मार्कशीट में दी गई जानकारी ध्यान से जांच लें। इसमें नाम, रोल नंबर, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, विषयवार अंक, ग्रेड और पास/फेल स्टेटस जैसी अहम जानकारियां शामिल होती हैं।
अगर किसी भी प्रकार की गलती पाई जाती है, तो तुरंत स्कूल प्रशासन से संपर्क करना जरूरी है।
किसी भी समय आ सकता है रिजल्ट
बोर्ड की तैयारियों को देखते हुए यह कहा जा सकता है कि रिजल्ट अब कभी भी जारी किया जा सकता है। ऐसे में छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट चेक करते रहें और अफवाहों से बचें।