दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
पंजाब के बहुचर्चित कमल भाभी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों को विदेश से भारत लाकर गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे 10 अप्रैल 2026 की सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया।
यह कार्रवाई पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस विंग और केंद्रीय एजेंसियों के संयुक्त ऑपरेशन के तहत की गई। आरोपी की लोकेशन ट्रैक करने के बाद उसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसके चलते उसे मध्य पूर्व से डिपोर्ट किया गया।
मामला जून 2025 का है, जब बठिंडा में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल भाभी की हत्या ने सनसनी फैला दी थी। आरोप है कि अमृतपाल सिंह मेहरों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले उनका अपहरण किया और फिर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को एक कार में छोड़ दिया गया था।
इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि मुख्य आरोपी वारदात के बाद विदेश भाग गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी और अंततः उसे पकड़ने में सफलता मिली।
अब आरोपी को पंजाब लाकर आगे की पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।