दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
मुंबई से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में एक बार फिर तकनीकी खराबी का मामला सामने आया है। गुरुवार तड़के उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद ही विमान के एक इंजन ने अचानक काम करना बंद कर दिया, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया और विमान में चीख-पुकार शुरू हो गई।
जानकारी के मुताबिक, एयर इंडिया की एयरबस A320 Neo फ्लाइट AI2812 सुबह करीब 2:30 बजे मुंबई एयरपोर्ट से रवाना हुई थी। टेकऑफ के दौरान ही यात्रियों ने तेज आवाज और चिंगारी जैसी असामान्य स्थिति महसूस की थी। उड़ान के कुछ ही मिनट बाद पायलट को तकनीकी गड़बड़ी का पता चला, जिसके बाद तुरंत ‘PAN PAN’ कॉल दी गई।
विमानन नियमों के अनुसार ‘PAN PAN’ कॉल आपात स्थिति को दर्शाती है, जो ‘MAYDAY’ से एक स्तर नीचे होती है। इसका मतलब होता है कि स्थिति गंभीर है, लेकिन तत्काल जानलेवा खतरा नहीं है। इस कॉल के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने फ्लाइट को प्राथमिकता देते हुए मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की अनुमति दी।
पायलट की सूझबूझ से विमान को सुरक्षित वापस मुंबई में उतार लिया गया। लैंडिंग के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित विमान को आगे की उड़ान के लिए रोक दिया गया है और उसकी विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।
यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए एयर इंडिया ने दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था की, जो सुबह करीब 4:45 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना हुई।
गौरतलब है कि अहमदाबाद विमान हादसे के बाद से एयर इंडिया की उड़ानों में तकनीकी खामियों और इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।