दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर (सतपाल शर्मा)
फगवाड़ा के नजदीक दुसांझ कलां से आ रही एक निजी बस हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के अनुसार चलती बस का अचानक टायर फट गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर खेतों में जा घुसी और पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

इस हादसे में बस में सवार करीब 10 से 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बुजुर्ग और बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया है।

प्रत्यक्षदर्शी सरबजीत सिंह ने बताया कि वह अपने खेतों में मौजूद थे, तभी दुसांझ कलां से फगवाड़ा की ओर जा रही बस का टायर अचानक फट गया। तेज रफ्तार के कारण बस नियंत्रण से बाहर होकर सीधे खेतों में लगे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बस बुरी तरह टूट गई और अंदर बैठी सवारियां घायल हो गईं।

वहीं पुलिस अधिकारी अमनदीप सिंह ने बताया कि चौहान बस मुकंदपुर से सवारियां लेकर फगवाड़ा की ओर जा रही थी। जैसे ही बस गांव बेरका के पास पहुंची, उसका टायर फट गया और हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है।

फिलहाल राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारण इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।