दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
गैस सिलेंडर वाहन के चालक ने की हैवानियत, 8 घंटे तक थानों के चक्कर काटता रहा परिवार; एजेंसी मालिक पर धमकाने का आरोप
जालंधर | महानगर के लैदर कॉम्प्लेक्स क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गैस सप्लाई करने वाले वाहन चालक ने क्रूरता की सारी हदें लांघ दीं। पहले तो उसने एक साइकिल सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मारी, और फिर मदद का ढोंग रचकर उसे अपनी गाड़ी में डाल लिया। इसके बाद आरोपी ने तड़पते बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाने की बजाय उनके कीमती सामान लूट लिए और जालंधर कुंज के एक सुनसान इलाके में मरने के लिए लावारिस छोड़ दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई समाज की बेरुखी
जानकारी के मुताबिक, बाबा खेल के रहने वाले सोहन लाल सुबह करीब पौने आठ बजे साइकिल से जेके कास्टिंग कंपनी में अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। सतलुज के पास भारत गैस एजेंसी के एक लोडिंग वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि हादसे के बाद वहां राहगीरों की भीड़ जुट गई, लेकिन किसी ने भी घायल की मदद करने की कोशिश नहीं की। इसी का फायदा उठाकर आरोपी चालक उन्हें अपनी गाड़ी में डालकर ले गया।
पुलिस टरकाती रही, शाम को चरवाहे ने दी शव की सूचना
इस पूरी घटना में खाकी का रवैया भी बेहद निराशाजनक रहा। मृतक के बेटे विपुल ने बताया कि पिता के लापता होने पर वे सुबह से ही चार अलग-अलग पुलिस चौकियों में फरियाद लेकर गए, लेकिन किसी ने उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस पूरा दिन उन्हें गुमराह करती रही। आखिरकार शाम के करीब 4 बजे मवेशी चराने वाले एक शख्स ने वीरान जगह पर शव पड़े होने की सूचना दी, तब जाकर तंत्र नींद से जागा।
लूट के बाद गैस एजेंसी मालिक की दबंगई
परिजनों का सीधा आरोप है कि शराबी ड्राइवर ने सोहन लाल के गले से सोने की चेन, लॉकेट, पर्स और मोबाइल फोन लूट लिया है। हद तो तब हो गई जब पीड़ित परिवार ने गैस एजेंसी के संचालक से संपर्क किया। संचालक ने सहानुभूति दिखाने के बजाय उन्हें धमकाया और उलटा उन पर ही एजेंसी में चोरी का झूठा इल्जाम लगा दिया। गुस्से से भरे परिजनों ने अल्टीमेटम दिया है कि अगर मालिक को तुरंत मौके पर नहीं बुलाया गया, तो वे एजेंसी में आग लगा देंगे।
क्या कहती है पुलिस?
थाना मकसूदां के एसएचओ गुरप्रीत सिंह का कहना है कि मंड चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। फरार आरोपी चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है, जिसकी गिरफ्तारी के बाद ही इस जघन्य वारदात की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।