जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर CIT सचिन रत्ती ओर हेमंत शर्मा की ईमानदारी और तत्परता की सराहना, यात्री के परिजनों को सुरक्षित सौंपा बैग
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
रेलवे स्टेशन पर जल्दबाजी में सामान छूट जाने की घटनाएं अक्सर यात्रियों की चिंता बढ़ा देती हैं। ऐसे में रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और ईमानदारी यात्रियों के लिए बड़ी राहत बन सकती है। ऐसा ही एक सराहनीय मामला 22 अक्टूबर को जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन (JRC) पर सामने आया, जहां वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाली एक महिला का नकदी और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग स्टेशन पर छूट गया। ड्यूटी पर तैनात रेलवे कर्मचारी हेमंत शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए सामान का पता लगाया और उसे सुरक्षित महिला की बेटी को सौंप दिया।
बैग में रखे थे ₹1.20 लाख और महत्वपूर्ण दस्तावेज
जानकारी देते हुए CIT सचिन रत्ती ने बताया ऋचा पाल 22 अक्टूबर को ट्रेन नंबर 22488 वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा कर रही थीं। उनके लिए कोच नंबर 2 में सीट नंबर 43 आरक्षित थी। ट्रेन में सवार होने के दौरान उनका लैपटॉप बैग जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर ही छूट गया। बैग में ₹1.20 लाख नकद, एक पर्स और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। सामान छूटने का पता चलने पर महिला ने अपनी बेटी अग्रिमा पाल से संपर्क किया।
बेटी की सूचना पर हरकत में आया रेलवे स्टाफ
अग्रिमा पाल ने घटना की जानकारी ड्यूटी पर तैनात हेमंत शर्मा, चीफ इंस्पेक्टर ऑफ टिकट्स (CIT), जालंधर सिटी को दी। सूचना मिलने के बाद हेमंत शर्मा ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छूटे हुए सामान का पता लगाया। इसके बाद बैग को सुरक्षित रखकर महिला की बेटी को सौंपने की व्यवस्था की गई। इस तरह नकदी और जरूरी दस्तावेजों सहित पूरा सामान सुरक्षित वापस मिल गया।
रेलवे कर्मचारी की ईमानदारी की सराहना
हेमंत शर्मा की इस कार्रवाई को रेलवे कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और यात्री सेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण माना जा रहा है। बैग में बड़ी नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज होने के कारण उसे सुरक्षित वापस मिलना महिला और उसके परिवार के लिए बड़ी राहत रहा। रेलवे स्टाफ की ऐसी तत्परता यात्रियों का भरोसा मजबूत करती है और सार्वजनिक सेवा में ईमानदारी के महत्व को भी उजागर करती है।