अस्पताल से दवा लेकर माता-पिता के साथ घर लौट रही थी मासूम, हादसे के बाद कार चालक फरार; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जालंधर। गढ़ा रोड के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया। हादसे में 11 महीने की बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता सदमे में हैं। परिवार बच्ची को सिविल अस्पताल से दवा दिलवाकर अपने गांव जमशेर लौट रहा था। इसी दौरान एक सफेद रंग की कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस कार चालक की पहचान करने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
टक्कर लगते ही सड़क पर गिरा परिवार
जानकारी के मुताबिक, मनी अपनी पत्नी निशा और 11 महीने की बच्ची के साथ जालंधर आए थे। बच्ची को दवा दिलवाने के बाद परिवार ने खाना खाया और फिर बाइक से जमशेर की ओर रवाना हो गया। गढ़ा रोड के पास पहुंचने पर उनकी बाइक को एक सफेद कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर गए। इस दौरान बच्ची के सिर पर गंभीर चोट लगी।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद बच्ची की हालत गंभीर हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने परिवार की मदद की। एक प्रत्यक्षदर्शी ने उन्हें अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया। परिजन बच्ची को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए और बाद में सिविल अस्पताल भी पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
नंबर नोट कर पुलिस को दी जानकारी
हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों ने कार का नंबर नोट कर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है, ताकि कार और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और आरोपी चालक के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।