oplus_131074
दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
शहर के लोगों के लिए महत्वपूर्ण परियोजना माने जा रहे गुरु नानक पुरा रेलवे फाटक पर बनने वाले रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तरी रेलवे की ओर से जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार 23 जून 2026 को रेलवे लेवल क्रॉसिंग नंबर बी-67ए (गुरु नानक पुरा) पर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण के लिए फाउंडेशन स्टोन लेइंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम के चलते निर्धारित समय के लिए सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
उत्तरी रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), रोड सेफ्टी प्रोजेक्ट यूनिट द्वारा जालंधर के डिप्टी कमिश्नर को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि 23 जून को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक गुरु नानक पुरा रेलवे फाटक पर आम यातायात बंद रखा जाएगा। इस दौरान ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा ताकि कार्यक्रम और निर्माण संबंधी गतिविधियां सुचारु रूप से पूरी की जा सकें।
रेलवे और जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों, पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल, ट्रैफिक विभाग और स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक प्रबंध करने तथा ट्रैफिक डायवर्जन को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही रेलवे फाटक को निर्धारित अवधि तक बंद रखने और लोगों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ भी तैनात किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू 23 जून को गुरु नानक पुरा रेलवे फाटक पर बनने वाले रेलवे ओवर ब्रिज परियोजना के उद्घाटन/आधारशिला कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जालंधर पहुंचेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक और सुरक्षा तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।
इस परियोजना के बनने के बाद गुरु नानक पुरा क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लंबे समय से रेलवे फाटक बंद रहने के कारण लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही शहर के भीतर यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होने की संभावना है।