दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
राजस्थान के चूरू जिले के सादुलपुर स्थित ददरेवा के पास शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अर्टिगा कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी छत पिचक गई। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों और कार के ड्राइवर समेत कुल 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार 9 महीने की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे बचा लिया गया है।
बच्चों का मुंडन कराने गुरुग्राम स्थित कुलदेवी मंदिर जा रहा था परिवार
तारानगर (चूरू) के सोमसीसर गांव के रहने वाले भंवरलाल शर्मा का परिवार शनिवार सुबह करीब 6:15 बजे अर्टिगा कार में सवार होकर गुरुग्राम (हरियाणा) में अपनी कुलदेवी ‘गुड़गांवा वाली माता’ के मंदिर के लिए निकला था। परिवार में दो मासूम बच्चों—4 महीने के कन्हैया और 9 महीने की दिव्यांशी का मुंडन एक साथ करवाया जाना था।
मृतक भंवरलाल शर्मा के छोटे भाई मांगीलाल ने बताया कि हादसे से एक दिन पहले ही खेत में भंवरलाल से मुलाकात हुई थी। तब उन्होंने बताया था कि दोनों बच्चों का मुंडन कराने के लिए वे परिवार सहित गुरुग्राम जा रहे हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले और घायल सदस्य
हादसे में भंवरलाल शर्मा और उनके परिवार के सदस्य तथा ड्राइवर की जान चली गई।
मृतकों की सूची:
- भंवरलाल शर्मा (60 वर्ष)
- महेंद्र देवी (55 वर्ष) – पत्नी भंवरलाल शर्मा
- यशोदा (34 वर्ष) – बहु (पत्नी संजय)
- कविता (28 वर्ष) – बहु (पत्नी संदीप)
- कन्हैया (4 माह) – कविता का बेटा
- मांगीलाल नाई (31 वर्ष) – कार ड्राइवर
घायल:
- दिव्यांशी (9 माह) – यशोदा की बेटी (गंभीर रूप से घायल)
चमत्कारी बचाव: पैरों के पास गिरने से बची 9 महीने की दिव्यांशी
हादसे के समय प्रत्यक्षदर्शी रामकरण पुनिया (निवासी ददरेवा) ने बताया कि वे बाइक से ददरेवा से राजगढ़ जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पास जब उन्होंने अर्टिगा कार को ट्रक में घुसते देखा, तो तुरंत बाइक रोककर कार के पास पहुंचे। वहां मौजूद स्थानीय निवासी मोहर सिंह और रतन सिंह भी मदद के लिए दौड़े।
रामकरण पुनिया के अनुसार, कार की आगे की सीट पर बैठी महिला के पैरों की ओर से बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दे रही थी। दरअसल, टक्कर के दौरान 9 महीने की मासूम दिव्यांशी उछलकर कार में नीचे पैरों की ओर गिर गई थी, जिससे वह भीषण प्रभाव से सुरक्षित जगह पर चली गई। लोगों ने तुरंत बच्ची को बाहर निकाला और एंबुलेंस को सूचना दी।
घर से निकलने से पहले लगाया था व्हाट्सएप स्टेटस
हादसे से करीब दो घंटे पहले छोटी बहू कविता ने कार में बैठकर एक वीडियो व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया था। वीडियो में पूरा परिवार खुश नजर आ रहा था।
उस वक्त कविता आगे की सीट पर अपनी जेठानी यशोदा की 9 महीने की बेटी दिव्यांशी को गोद में लिए बैठी थी। बीच की सीट पर यशोदा बैठी थी, जिसकी गोद में कविता का 4 महीने का बेटा कन्हैया सो रहा था। सास महेंद्र देवी भी यशोदा के पास बैठी थीं और ससुर भंवरलाल शर्मा पीछे की सीट पर थे। गाड़ी मांगीलाल चला रहा था।
बेटों को कहा— “छोटा सा एक्सीडेंट हुआ है, घर आ जाओ”
मृतक भंवरलाल शर्मा के बेटे संजय और संदीप गुजरात में नौकरी करते हैं। सुबह करीब 9 बजे हादसे की सूचना मिलने पर उनके चाचा मांगीलाल सादुलपुर पहुंचे। उन्होंने गुजरात में दोनों भतीजों को फोन करके केवल इतना कहा कि घर में छोटा सा एक्सीडेंट हुआ है और किसी को ज्यादा चोट नहीं आई है, इसलिए तुरंत घर आ जाओ। उस समय बेटों को परिवार के सदस्यों की मौत की जानकारी नहीं दी गई थी।
गांव में एक साथ जलीं 4 चिताएं, नहीं जले चूल्हे
शाम को जब एक ही परिवार के 6 सदस्यों के शव सोमसीसर गांव पहुंचे, तो पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। गांव में सासू, ससुर और दोनों बहुओं समेत एक ही परिवार की चार चिताएं एक साथ जलाई गईं। इस हृदयविदारक घटना से पूरा गांव शोक में डूब गया और शाम को किसी के घर चूल्हा तक नहीं जला।