1 किलो 564 ग्राम हेरोइन, अवैध पिस्तौल और मोटरसाइकिल बरामद
दोआबा न्यूजलाइन : जालंधर (सतपाल शर्मा)
जालंधर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) जालंधर रेंज की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 किलो 564 ग्राम हेरोइन, एक अवैध पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों की पहचान जसकरण सिंह पुत्र मान सिंह निवासी गांव मुच्छल, थाना तरसिक्का जिला अमृतसर और जगजीत सिंह पुत्र काका सिंह निवासी वार्ड नंबर 13 राय वाड़ा, चमकौर साहिब जिला रूपनगर के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों आरोपी पहले पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश करने लगे थे, लेकिन पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में उनका पीछा कर उन्हें दोबारा दबोच लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच कुछ दूरी तक पीछा भी हुआ, जिसके बाद दोनों को काबू कर लिया गया।
सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स जालंधर रेंज की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि जसकरण सिंह और जगजीत सिंह इलाके में हेरोइन की बड़ी खेप सप्लाई करने के लिए आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पहले से ही ट्रैप लगाकर इलाके में नाकाबंदी कर दी। जैसे ही दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोक लिया और तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1 किलो 564 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपियों के पास से मोटरसाइकिल नंबर PB-02-DE-0743 भी बरामद की है। इसके अलावा एक अवैध पिस्तौल भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि यह हेरोइन बड़ी मात्रा में थी और इसे आगे सप्लाई करने की तैयारी की जा रही थी।
प्राथमिक जांच में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। आरोपी जसकरण सिंह ने बताया कि वह दसवीं पास है और पहले पाठी का काम करता था। लेकिन जल्दी अमीर बनने की चाहत और इस धंधे में ज्यादा कमाई होने के कारण वह नशा तस्करी के कारोबार में शामिल हो गया। वहीं दूसरे आरोपी जगजीत सिंह ने बताया कि वह बारहवीं पास है और काफी समय से बेरोजगार था। जल्दी पैसे कमाने के लालच में वह जसकरण सिंह के साथ मिलकर हेरोइन बेचने लगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों आरोपी नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए हो सकते हैं। इसलिए अब उन्हें अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हेरोइन उन्हें कहां से मिली थी और वे इसे आगे किन लोगों को सप्लाई करने वाले थे।
एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अधिकारियों ने कहा कि पंजाब में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी हो सकती है।