46 हजार टन गैस लेकर मुंबई की ओर बढ़ा जहाज, सप्लाई सुधरने की उम्मीद
दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर (सतपाल शर्मा)
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी टैंकर ‘ग्रीन सान्वी’ सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर चुका है और अब मुंबई की ओर बढ़ रहा है। जहाज में करीब 46 हजार मीट्रिक टन रसोई गैस लदी हुई है, जिससे देश में चल रही गैस की कमी कुछ हद तक कम होने की उम्मीद है।
शिपिंग सूत्रों के अनुसार, यह टैंकर फारस की खाड़ी से निकलकर ईरानी समुद्री क्षेत्र से गुजरते हुए सुरक्षित ट्रांजिट पूरा कर चुका है। अनुमान है कि यह जहाज 6 अप्रैल तक मुंबई बंदरगाह पहुंच जाएगा। मौजूदा हालात में यह खेप काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि क्षेत्रीय तनाव के चलते एलपीजी सप्लाई प्रभावित हुई है।
अभी टला नहीं संकट, कई भारतीय जहाज फंसे
नौसेना और सरकार दोनों मोर्चों पर सक्रिय, 17 जहाजों का इंतजार जारी
हालांकि एक जहाज के सुरक्षित निकलने से राहत जरूर मिली है, लेकिन संकट पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। फारस की खाड़ी और आसपास के समुद्री इलाकों में अभी भी कई भारतीय जहाज फंसे हुए हैं, जो सुरक्षित मार्ग और क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं।
नौसेना सूत्रों के मुताबिक, कुछ अन्य एलपीजी और कच्चा तेल लेकर जा रहे जहाजों को प्राथमिकता के आधार पर बाहर निकालने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही भारत सरकार कूटनीतिक स्तर पर भी प्रयास तेज कर चुकी है, ताकि समुद्री रास्तों को जल्द सुरक्षित बनाया जा सके।
विशेषज्ञों का मानना है कि ऊर्जा आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखना इस समय सबसे बड़ी चुनौती है। ऐसे में हर सुरक्षित पहुंचने वाला जहाज देश के लिए राहत लेकर आ रहा है, जबकि फंसे हुए जहाजों को निकालना अब भी बड़ी प्राथमिकता बना हुआ है।