दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
जालंधर-अमृतसर रेल मार्ग पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल के अंतर्गत बुतारी स्टेशन पर सिग्नल गियर बदलने और इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम के आधुनिकीकरण का कार्य शुरू किया गया है। इस तकनीकी ब्लॉक और ओएचई कार्य के कारण 16 मई 2026 से कई ट्रेनों के संचालन में बड़ा बदलाव किया गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति जांचने की सलाह दी है।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार जालंधर सिटी से अमृतसर जाने वाली ट्रेन संख्या 74641, अमृतसर-कादियां रूट की 74691/74692 और तरन तारन-ब्यास रूट की 74604/74605 गाड़ियां पूरी तरह रद्द रहेंगी। इसके अलावा होशियारपुर-जालंधर सिटी रेल सेवा 74923/74914 को भी 23 मई के लिए रद्द किया गया है।
तकनीकी कार्य के चलते कुछ ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट भी किया गया है। लुधियाना से छेरहट्टा जाने वाली ट्रेन संख्या 64551 अब हमीरा स्टेशन तक ही चलेगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 64552 अमृतसर की बजाय हमीरा से लुधियाना के लिए रवाना होगी।
वहीं चंडीगढ़, नई दिल्ली, कटिहार और छपरा से अमृतसर आने वाली प्रमुख ट्रेनें—12411, 12029, 15707 और 15135—को ब्यास के बाद सीधे मार्ग की बजाय तरन तारन होकर अमृतसर भेजा जाएगा।
समय सारणी में बदलाव के कारण अमृतसर-नई दिल्ली ट्रेन संख्या 12498 अपने निर्धारित समय से करीब 30 मिनट देरी से रवाना होगी। इसके अलावा अमृतसर-जयनगर और नई दिल्ली-अमृतसर रूट की कुछ ट्रेनों को रास्ते में 15 से 55 मिनट तक रेगुलेट करके चलाया जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले हेल्पलाइन नंबर 139 या NTES के जरिए ट्रेनों की ताजा स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त करें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।