दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाबी इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू की हत्या के मामले ने अब एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गैंगवार का रूप ले लिया है। हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने ली थी। इसके बाद पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने वीडियो जारी कर ढिल्लों को निशाने पर लिया, तो जवाब में ढिल्लों की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आ गई है।
दोनों गैंगस्टर एक-दूसरे पर भागने और मारपीट का आरोप लगाते हुए तीखी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं।
- गोल्डी ढिल्लों का दावा: “चप्पलें छोड़कर ब्राजील भागा था भट्टी”
वायरल ऑडियो में गोल्डी ढिल्लों ने शहजाद भट्टी के आरोपों पर पलटवार करते हुए कई बातें कही हैं:
दुबई से भागने का आरोप: ढिल्लों का कहना है कि जब भट्टी को दुबई में घेरने की कोशिश की गई, तो वह अपने फार्म हाउस में चप्पलें छोड़कर ब्राजील भाग गया था।
झूठ फैलाने का दावा: ब्राजील पहुंचकर भट्टी ने होटल से तस्वीरें डालीं और यह दिखाने की कोशिश की कि ढिल्लों उससे मिलने नहीं आया। ढिल्लों का आरोप है कि भट्टी तय समय से पहले ही फ्लैट छोड़कर निकल गया था।
एजेंसियों की बात झूठी: भट्टी ने 20 दिन बाद वीडियो जारी कर कहा था कि उसके पीछे एजेंसियां पड़ी थीं। इस पर ढिल्लों ने कहा कि उस समय एजेंसियां नहीं, बल्कि उसके बंदे भट्टी का पीछा कर रहे थे।
(नोट: इस ऑडियो क्लिप की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।)
- शहजाद भट्टी का पलटवार: “निहत्थे को मारकर सूरमा बन गया?”
इससे पहले पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने एक वीडियो जारी कर गोल्डी ढिल्लों पर गंभीर सवाल उठाए थे:
पंजाब का हमदर्द बनने पर सवाल: भट्टी ने कहा कि मैड संधू को मारकर ढिल्लों पंजाब का हितेषी बनने का नाटक कर रहा है, जबकि वह खुद पंजाब में नशा (चिट्टा), हथियार सप्लाई करने और फिरौती वसूलने का काम करता है।
कायरता की हरकत: भट्टी ने कहा कि एक निहत्थे इंसान को मारना बेगैरती है। ऐसा करके कोई ‘सूरमा’ (शेर) नहीं बन जाता।
जर्मनी की घटना का जिक्र: भट्टी ने दावा किया कि जर्मनी में उसके बंदों ने ढिल्लों की पिटाई की थी, जिसके बाद वह अपना फोन और सरकारी कमरा छोड़कर भाग गया था। उसने ढिल्लों को कमरों में छिपकर निहत्थों पर हमला करने के बजाय किसी मर्द से मुकाबला करने की चुनौती दी।
- 3 अक्टूबर को कैसे हुई थी मैड संधू की हत्या?
कार वॉश के दौरान हमला: 3 अक्टूबर को मैड संधू अपनी गाड़ी धोने के लिए देकर गया था। जब वह दो महिला दोस्तों के साथ गाड़ी वापस लेने पहुंचा, तो बाइक पर दो नकाबपोश बदमाश आए।
ताबड़तोड़ फायरिंग: बाइक पर पीछे बैठे युवक ने संधू के करीब जाकर 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं, जिनमें से दो गोलियां उसे लगीं।
रास्ते में तोड़ा दम: संधू खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस घटना के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंची थी।