दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट की साजिश से जुड़े मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। मलेशिया से भारत लाए गए दो संदिग्धों को दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचते ही सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में ले लिया। दोनों पर खालिस्तान समर्थक नेटवर्क से जुड़े होने का शक जताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, दोनों पिछले कुछ समय से विदेश में रह रहे थे और जांच एजेंसियां उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं। आरोप है कि पंजाब में रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की योजना तैयार करने और उससे जुड़े लोगों के संपर्क में उनकी भूमिका सामने आई है।
भारत पहुंचने के बाद एजेंसियों ने दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे और क्या विदेश से किसी तरह की मदद या फंडिंग मिल रही थी।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि मामले की तह तक पहुंचने के लिए डिजिटल रिकॉर्ड, यात्रा विवरण और संपर्कों की भी जांच की जाएगी। आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।