दोआबा न्यूजलाइन
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के चांसलर अशोक मित्तल के जालंधर स्थित आवास पर बुधवार सुबह अचानक छापेमारी की। कार्रवाई सुबह तड़के शुरू हुई और खबर लिखे जाने तक जांच जारी थी। बताया जा रहा है कि टीम के पहुंचने के समय अशोक मित्तल घर पर ही मौजूद थे।
कई टीमों ने एक साथ की एंट्री, दस्तावेज खंगाले
सूत्रों के अनुसार, ED की कई टीमें एक साथ मित्तल के घर पहुंचीं और तुरंत जांच शुरू कर दी। अधिकारियों द्वारा घर में मौजूद अहम दस्तावेजों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी गहन जांच की जा रही है।
हालांकि, अभी तक ED की ओर से इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही यह स्पष्ट किया गया है कि यह कार्रवाई किस मामले में की जा रही है।
राजनीतिक हलकों में हलचल तेज
इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हाल ही में आम आदमी पार्टी ने अशोक मित्तल को राघव चड्ढा की जगह राज्यसभा में डिप्टी लीडर की जिम्मेदारी सौंपी थी।
ऐसे में उनकी नई नियुक्ति के तुरंत बाद ED की छापेमारी को लेकर सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।
अब तक नहीं आई कोई प्रतिक्रिया
फिलहाल, ED की टीम जांच में जुटी हुई है और आने वाले समय में इस मामले में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी या अशोक मित्तल की ओर से अभी तक इस कार्रवाई पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।