दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
जालंधर के सिविल अस्पताल के निक्कू वार्ड में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे वार्ड में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते कमरे में जहरीला और घना धुआं फैल गया, जिससे वहां मौजूद नवजात शिशुओं, माताओं और अस्पताल कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों और स्टाफ ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत पूरे वार्ड को खाली कराया। उस समय वार्ड में 4 नवजात बच्चे भर्ती थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण कमरे में लगा एयर कंडीशनर अत्यधिक गर्म हो गया था। इसी वजह से उसमें अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। AC में से पहले धुआं निकला और फिर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते AC से धुएं के काले गुबार निकलने लगे और आग की लपटों ने पास रखे अन्य सामान को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि कमरे की दीवारें पूरी तरह काली पड़ गईं तथा वहां रखे बेड, गद्दे, बिजली के उपकरण और अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और फायर फाइटर्स की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू करते हुए फायर ब्रिगेड की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और वार्ड में फैले धुएं को बाहर निकालने के प्रयास किए।
मौके पर मौजूद दमकल अधिकारियों के अनुसार, एक AC में आग लगने के बाद उसका असर दूसरे AC और आसपास के सामान पर पड़ा। इस घटना में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान या जान-माल का बड़ा नुकसान नहीं हुआ है और सभी मरीज व बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं। हालांकि प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह AC के ज्यादा गर्म होने से हुआ शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।