दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
Punjab School Education Board ने बोर्ड परीक्षाओं के रिजल्ट की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, पंजाब में 10वीं कक्षा का रिजल्ट 11 मई को जबकि 12वीं कक्षा का रिजल्ट 13 मई को घोषित किया जाएगा। रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम ऑनलाइन देख सकेंगे।
बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक छात्र अपने रोल नंबर, नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी की मदद से प्रोविजनल मार्कशीट भी डाउनलोड कर पाएंगे। इसके अलावा विद्यार्थियों को डिजिलॉकर और एसएमएस के जरिए भी रिजल्ट देखने की सुविधा दी जाएगी।
रिजल्ट के साथ जारी होगी टॉपर्स लिस्ट
बोर्ड अधिकारियों द्वारा रिजल्ट के साथ कई अहम आंकड़े भी जारी किए जाएंगे। इसमें राज्य के टॉपर्स, जिला स्तर पर टॉप करने वाले छात्र, लड़के-लड़कियों का प्रदर्शन और कुल पास प्रतिशत जैसी जानकारी शामिल होगी। हर साल की तरह इस बार भी रिजल्ट को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
मार्च-अप्रैल में हुई थीं परीक्षाएं
इस साल पंजाब बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं 6 मार्च से 1 अप्रैल तक आयोजित की गई थीं। वहीं 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 17 फरवरी से 4 अप्रैल के बीच हुई थीं। बोर्ड का दावा है कि रिजल्ट तैयार करने की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली गई है और तय तारीख पर परिणाम जारी कर दिए जाएंगे।
ऐसे चेक कर सकेंगे रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर दर्ज कर अपना स्कोर चेक कर सकेंगे। वहीं जिन छात्रों के पास इंटरनेट सुविधा नहीं होगी, वे एसएमएस और डिजिलॉकर के जरिए भी अपनी मार्कशीट प्राप्त कर पाएंगे।