दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। शनिवार को मोहाली में बारिश शुरू हो गई, जबकि चंडीगढ़ में दिनभर मौसम साफ बना रहा। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश का दायरा बढ़ेगा और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक राजपुरा, डेराबस्सी, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली, बस्सी पठाना, चंडीगढ़, खरड़, खमाणों, चमकौर साहिब, समराला, रूपनगर, फगवाड़ा, जालंधर, नवांशहर, आनंदपुर साहिब, गढ़शंकर, होशियारपुर, बटाला, डेरा बाबा नानक, गुरदासपुर, पठानकोट, मुकेरियां और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं संगरूर, बरनाला, पटियाला, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर, कपूरथला, सुल्तानपुर लोधी, फिल्लौर, नकोदर और अमृतसर सहित कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
20 जुलाई से मौसम होगा सुहावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 20 जुलाई से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इस दौरान बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी।
अगले पांच दिनों का अनुमान
- 19 जुलाई: आंशिक बादल, अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम 27°C।
- 20 जुलाई: बादल, गरज-चमक और हल्की बारिश, अधिकतम 33°C व न्यूनतम 25°C।
- 21 जुलाई: बारिश की संभावना बढ़ेगी, अधिकतम 30°C और न्यूनतम 26°C।
- 22 जुलाई: बादल और गरज के साथ बारिश के आसार, अधिकतम 31°C व न्यूनतम 26°C।
- 23 जुलाई: हल्की बारिश और बादल छाए रहने की संभावना, अधिकतम 32°C तथा न्यूनतम 25°C।
किसानों और आम लोगों के लिए राहत
विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी बारिश धान की फसल के लिए लाभदायक साबित हो सकती है। वहीं लगातार पड़ रही गर्मी और उमस से परेशान लोगों को भी राहत मिलेगी। हालांकि मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी है।