दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। रेलवे के मुताबिक ट्रेन संख्या 04083/04084 नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली दो-दो फेरे लगाएगी।
9 और 16 अक्टूबर को नई दिल्ली से होगी रवाना
उत्तर रेलवे की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार ट्रेन संख्या 04083 नई दिल्ली से 9 अक्टूबर और 16 अक्टूबर को चलेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04084 श्री माता वैष्णो देवी कटरा से 10 अक्टूबर और 17 अक्टूबर को नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। यह ट्रेन शुक्रवार को नई दिल्ली से और शनिवार को कटरा से चलेगी।
जालंधर कैंट में भी रुकेगी ट्रेन
इस स्पेशल ट्रेन का ठहराव जालंधर कैंट में भी निर्धारित किया गया है। नई दिल्ली से कटरा जाने वाली ट्रेन जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर रात 8:30 बजे पहुंचेगी और 8:35 बजे रवाना होगी। वापसी में कटरा से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन जालंधर कैंट पर शाम 4:15 बजे पहुंचेगी और 4:17 बजे रवाना होगी।
रास्ते में इन प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव
ट्रेन नई दिल्ली से चलकर सोनीपत, पानीपत जंक्शन, कुरुक्षेत्र जंक्शन, अंबाला कैंट, धंडारी कलां, जालंधर कैंट, पठानकोट कैंट, शहीद कैप्टन सुनील कुमार चौधरी कठुआ, जम्मू तवी और शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन होते हुए श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी।
कटरा सुबह 3 बजे पहुंचेगी ट्रेन
नई दिल्ली से चलने वाली ट्रेन संख्या 04083 रात 2:20 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी और 2:30 बजे रवाना होकर सुबह 3 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। वापसी में कटरा से ट्रेन सुबह 10 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर से पहले नई दिल्ली पहुंचेगी।
रेलवे ने बताया कि यह ट्रेन एसी और स्लीपर श्रेणी की होगी। यात्रियों से ट्रेन की ताजा जानकारी और अपडेट के लिए NTES या रेलवे हेल्पलाइन 139 देखने की अपील की गई है।