छुट्टियों में बढ़ी भीड़, रेलवे ने बढ़ाई तैयारी
दोआबा न्यूजलाइन। सतपाल शर्मा
गर्मी की छुट्टियों के दौरान ट्रेनों में लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या को देखते हुए उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों को राहत देने के लिए मंडल की ओर से 8 जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, ताकि सफर के दौरान लोगों को कन्फर्म सीट मिल सके।
वेटिंग लिस्ट कम करने पर रेलवे का फोकस
रेलवे अधिकारियों के अनुसार छुट्टियों के सीजन में नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग देखने को मिल रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों में यात्रियों की संख्या पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
कई बड़े रूटों पर दौड़ रहीं स्पेशल ट्रेनें
फिरोजपुर मंडल की ओर से अमृतसर-कटिहार, नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, अमृतसर-बरौनी, पठानकोट-छपरा, अमृतसर-कोलकाता, फिरोजपुर कैंट-झंझारपुर, फिरोजपुर कैंट-पटना और अमृतसर-जयनगर रूट पर समर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इन ट्रेनों से पंजाब समेत कई राज्यों के यात्रियों को फायदा मिलेगा।
यात्रियों को मिल रही राहत, सफर हुआ आसान
रेलवे का दावा है कि स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को वेटिंग की परेशानी से राहत मिल रही है। साथ ही छुट्टियों के सीजन में यात्रा को अधिक सुगम, आरामदायक और सुविधाजनक बनाने में भी मदद मिल रही है।