दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर
जालंधर-भोगपुर हाईवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 5:33 बजे किशनगढ़ के पास जौहल ढाबा के नजदीक हुआ। सूचना मिलते ही एसएसएफ टीम कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गई।

डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा में जा घुसी कार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार PB07 CA 1510 नंबर की बलेनो कार भोगपुर से जालंधर की ओर जा रही थी। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ जालंधर से पठानकोट जा रही UP21 CJ 9595 नंबर की क्रेटा कार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

बलेनो सवार चार लोगों की मौके पर मौत
हादसे में बलेनो कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान रुपिंदर सिंह निवासी हिम्मतपुर जिला होशियारपुर, उनकी पत्नी हरप्रीत कौर, अर्शदीप सिंह और संतोष कौर के रूप में हुई है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल बन गया।

क्रेटा सवार पांच घायल अस्पताल में भर्ती
दूसरी कार में सवार पांच लोग घायल हुए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने एसएसएफ टीम के पहुंचने से पहले ही फोर्टिस अस्पताल पहुंचा दिया। घायलों में उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी परिवार के सदस्य शामिल बताए गए हैं। सभी का इलाज जारी है।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलने के बाद चौकी अलावलपुर के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रविंदर सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। डीएसपी राजीव कुमार भी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एसएसएफ टीम ने निभाई अहम भूमिका
घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसएफ टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और राहत कार्य में सहयोग दिया। पुलिस अब हादसे के पीछे की वजह और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।