दोआबा न्यूजलाइन । जालंधर
फिल्लौर-तेहिंग रोड पर गुरुवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार भाई-बहन ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में 21 वर्षीय अर्जन सानी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी 23 वर्षीय बहन प्रिया गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फैक्ट्री छोड़ने जा रहा था भाई
बीएसपी हलका फिल्लौर इंचार्ज खुशी राम और मृतक के पिता शंकर के अनुसार, अर्जन सानी रोज की तरह अपनी बहन प्रिया को निजी फैक्ट्री में काम पर छोड़ने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान फिल्लौर से तेहिंग की ओर जा रहे एक कथित ओवरलोडेड ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद खेतों में पलटा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक मोटरसाइकिल सहित सड़क किनारे खेतों में पलट गया। बाइक ट्रक के नीचे दब गई। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से दोनों घायलों को ट्रक के नीचे से निकालकर सिविल अस्पताल फिल्लौर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने अर्जन सानी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रिया को बेहतर इलाज के लिए जालंधर रेफर कर दिया गया।
दो महीने बाद होनी थी शादी
परिजनों ने बताया कि अर्जन सानी तेहिंग गांव में बिल्डिंग वर्कर के रूप में काम करता था और करीब दो महीने बाद उसकी शादी तय थी। अचानक हुए इस हादसे से परिवार गहरे सदमे में है।
फरार चालक की गिरफ्तारी की मांग
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से फरार ट्रक चालक को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।