दोआबा न्यूजलाइन। जालंधर
चंडीगढ़। पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 3 अगस्त से तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल के कारण राज्य के कई डिपो में सरकारी बसों का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
नियमितीकरण समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन
यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों के नियमितीकरण, आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने और पिछले आंदोलनों के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं। कई दौर की बैठकों के बावजूद कोई ठोस निर्णय नहीं होने पर कर्मचारियों ने हड़ताल शुरू कर दी।
बस सेवाएं प्रभावित, यात्रियों की बढ़ी परेशानी
हड़ताल का असर स्थानीय और अंतरराज्यीय दोनों रूटों पर देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में सरकारी बसें डिपो में खड़ी रहीं, जिससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य राज्यों में आने-जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सरकार से वार्ता नहीं बनी
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह गिल ने कहा कि सरकार को पहले ही हड़ताल का नोटिस दिया गया था, लेकिन आश्वासनों के अलावा कोई लिखित फैसला नहीं लिया गया। इसी कारण रविवार मध्यरात्रि से सभी कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी हड़ताल पर चले गए।
5 अगस्त तक जारी रहेगी हड़ताल
यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तो 5 अगस्त तक हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान राज्यभर में विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे।